नमस्कार,
आज शुक्रवार है, तारीख 23 जुलाई 2021; आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष और चतुर्दशी तिथि
सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर
1. भारत और श्रीलंका के बीच आज तीसरा और आखिरी वनडे खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 3 बजे से शुरू होगा।
2. टोक्यो में ओलिंपिक गेम्स की शुरुआत होगी। ओपनिंग सेरेमनी में भारत के 30 एथलीट्स और 6 अधिकारी हिस्सा लेंगे।
3. पोर्न फिल्म केस में फंसे राज कुंद्रा की कस्टडी का आज आखिरी दिन है। इसे आगे बढ़ाने या खत्म करने पर कोर्ट फैसला देगा।
अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी
1. सिद्धू की ताजपोशी में शामिल होंगे अमरिंदर सिंह
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की शुक्रवार को होने वाली ताजपोशी कार्यक्रम में CM कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल होंगे। कैप्टन ने इसके लिए रजामंदी दे दी है। इससे पहले वे विधायकों के साथ मुलाकात करेंगे। उनके मीडिया एडवाइजर रवीन ठुकराल ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी शेयर की है। हालांकि कैप्टन की शर्त के मुताबिक सिद्धू ने अब तक उनसे माफी नहीं मांगी है।
2. राज्यसभा में विपक्षी सांसद ने मंत्री के हाथ से पर्चा छीना
संसद के मानसून सत्र में विपक्ष के हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार को भी नहीं चल पाई। राज्यसभा में तो छीनाझपटी तक हो गई। IT मंत्री अश्विनी वैष्णव पेगासस जासूसी मामले में अपनी बात रखने के लिए जैसे ही खड़े हुए तो ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल के सांसद शांतनु सेन ने वैष्णव के हाथ से उनके बयान का पर्चा छीनकर फाड़ दिया और हवा में उछाल दिया।
3. राज कुंद्रा ने मुंबई पुलिस को दी थी 25 लाख की घूस
पोर्न मूवी केस में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब दावा किया जा रहा है कि पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड बताए जा रहे राज कुंद्रा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई पुलिस को 25 लाख रुपए दिए थे। महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को मिले चार ई-मेल में यह दावा किया गया है। ये मेल राज के साथ आरोपी बनाए गए यश ठाकुर ने ACB को भेजे हैं।
4. आक्रामक रिपोर्टिंग करने वाले दैनिक भास्कर पर IT की रेड
दैनिक भास्कर की आक्रामक पत्रकारिता के चलते आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भास्कर के दफ्तरों पर छापे मारे। अधिकारियों ने दफ्तरों में मौजूद नाइट शिफ्ट के कर्मचारियों के मोबाइल और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिए। इसके चलते कई घंटों तक डिजिटल न्यूज का काम प्रभावित हुआ।
5. मीनाक्षी लेखी ने किसानों को मवाली कहा, फिर बयान वापस लिया
कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने गुरुवार को दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक मीडियापर्सन पर हुए कथित हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने किसानों पर अभद्र टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि ये किसान नहीं, मवाली हैं। हालांकि बाद में लेखी ने सफाई दी कि 'मेरी बात गलत तरीके से पेश की गई है। किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं।
6. ममता बनर्जी को PM से मुलाकात का वक्त मिला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 25 जुलाई को दिल्ली दौरे पर जा रही हैं। वे 2-3 दिन दिल्ली में रहेंगी। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी। ममता ने गुरुवार बताया कि प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मिल गया है। ममता की मोदी से मुलाकात ऐसे समय होने जा रही है, जब ममता पेगासस जासूसी विवाद जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर हैं।
7. महाराष्ट्र का चिपलून शहर बाढ़ में डूबा
कोरोना महामारी से उबरने की कोशिश कर रहा महाराष्ट्र अब मानसून की मार से परेशान है। राज्य के कोंकण इलाके में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में हालात खराब हैं। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान रत्नागिरी जिले को हुआ है। यहां नदियों और डैम के ओवरफ्लो होने के चलते चिपलून शहर बाढ़ के पानी में डूब गया है।
कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में
1. राजस्थान में 2 अगस्त से कोरोना प्रोटोकॉल के साथ खुलेंगे सभी स्कूल। कॉलेज और कोचिंग संस्थान खोलने की तारीख अभी तय नहीं
2. बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा पर कोलकाता हाईकोर्ट की ममता सरकार को चेतावनी, कहा- 26 जुलाई तक हलफनामा देने का आखिरी मौका
3. कोरोना से मौतों के आंकड़े पर मीडिया रिपोर्ट्स को केंद्र सरकार ने बताया भ्रामक, कहा- हर मौत को कोविड से जोड़ना गलत
आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
23 जुलाई 1927 को यानी 94 साल पहले आज के ही दिन वायसराय लॉर्ड इरविन ने बॉम्बे में रेडियो केंद्र का उद्घाटन किया था। 1930 में इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी का राष्ट्रीयकरण हुआ। जून 1936 में इंडियन स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस को ऑल इंडिया रेडियो नाम दिया गया। इसी साल ऑल इंडिया रेडियो के जरिए पहले न्यूज बुलेटिन का प्रसारण हुआ था।
और अब आज का विचार
अगर आपको 100 गुना रिटर्न पाने की 10% भी गुंजाइश दिख रही है तो आपको हर बार दांव लगाना चाहिए, भले ही 10 में से 9 बार नतीजा अच्छा नहीं रहे। - जेफ बेजोस
आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे...
खबरें और भी हैं...